अपराधियों ने ट्रक ड्राइवर को मारी गोली
पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता के कारण घटी घटना
रोहतास से संजय कुमार तिवारी का रिपोर्ट
डेहरी ऑन सोन (रोहतास) थाना क्षेत्र के कोयला डिपो के पास अपराधियों ने ट्रक ड्राइवर को दिनदहाड़े लूटने के क्रम में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल ट्रक ड्राइवर को निजी हॉस्पिटल में इलाज को लेकर स्थानीय लोगों ने भर्ती कराया। बताते चलें कि डेहरी नगर थाना क्षेत्र स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को दिनदहाड़े एक ट्रक ड्राइवर को गोली मार दी गई।
स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल ट्रक ड्राइवर को घायलावस्था में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चालक का इलाज चल रहा है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यूपी निवासी ट्रक चालक पटना से बनारस अपना ट्रक ले जाकर जा रहा था। इस क्रम में वह डेहरी के न्यू डिलियां से गुजर रहा था, तभी कुछ लुटेरों ने ट्रक रोक उसके साथ लूट-पाट करने की कोशिश की। ट्रक चालक द्वारा विरोध करने पर देशी कट्टा से उसके सर में गोली मार दी। घायल चालक को देख कोचिंग संचालक व स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे तार बंगला स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। दिनदहाड़े जीटी रोड पर हुई घटना से पुलिस गस्ती पर सवाल उठने लगा है। क्योंकि अपराध की रोकथाम को लेकर वीर कुंवर सिंह चौक पर पुलिस बल की तैनाती की गई है फिर भी इस प्रकार की घटना पुलिस पर सवालिया निशान खड़ा करती है। घटना के बाद ट्रक चालकों में भी भय देखा जा रहा है। ट्रक ड्राइवर को गोली मारने की घटना को लेकर पुलिस अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है तथा अज्ञात अपराधियों को चिन्हित कर लिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ को लेकर विशेष टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है इन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
