मोदी के नेतृत्व में देश का हो रहा सर्वांगीण विकास - भाजपा
अरवल से मुजाहिद हुसैन की रिपोर्ट
अरवल भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष अरवल अजय पासवान की अध्यक्षता में आज अरवल जिला अतिथि गृह में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया । प्रेस वार्ता में बिहार सरकार द्वारा नगर निकाय चुनाव में अतिपिछड़ों के आरक्षण एवम् मोदी सरकार के विकास नीतियों पर उपस्थित नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी । ज्ञातव्य हो कि पिछले दिनों पटना उच्च न्यायालय द्वारा नगर निकाय चुनाव में आरक्षण समाप्त कर दिया गया जो राज्य सरकार की विफलता को प्रदर्शित करती है ।प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता आनन्द चन्द्रवंशी ने कहा कि जब जब भाजपा सरकार आयी है तो अतिपिछड़ों को आरक्षण मिला है और पूरी तरह सुरक्षित भी रहा है । पहली बार जननायक कर्पूरी ठाकुर एवम् कैलाशपति मिश्र के सरकार ने पिछड़ों को 20% आरक्षण देने का काम किया था । दूसरी बार नीतीश कुमार और भाजपा की सरकार ने अतिपिछड़ों को पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव में 20% आरक्षण देने का काम किया था और आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री एवं नगर विकास मंत्री तेजस्वी यादव की सरकार ने अतिपिछड़ों का दिया हुआ आरक्षण को नहीं बचा पा रही है । आज नीतीश सरकार की जल्दबाजी एवम् हठता के कारण नगर निकाय चुनाव पर ग्रहण लगा और जनता की करोड़ों रूपए का नुक़सान हुआ । सरकार समय रहते सुप्रीम कोर्ट का ट्रिपल टेस्ट का अनुपालन किया होता तो यह संकट जनता को नहीं झेलनी पड़ती । बिहार सरकार की यह मंशा स्पष्ट साबित करती है कि सरकार अतिपिछड़ा विरोधी है । प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा स्वच्छता अभियान के प्रदेश संयोजक पीयूष शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार विकास के साथ देश में सांस्कृतिक, सभ्यता व पुराने धरोहर को पुननिर्माण कर ऐतिहासिक कार्य करने में लगी है । मोदी सरकार द्वारा केदारनाथ, सोमनाथ , अयोध्या का भव्य राममंदिर ,काशी विश्वनाथ धाम व महाकाल का पुनर्निर्माण कर भारतीय संस्कृति को फिर से उदय करने का काम किया जा रहा है । देश में दिव्यता , भव्यता और आध्यात्मिकता के संगम का विस्तार किया जा रहा है । पीयूष ने कहा कि मोदी सरकार आध्यात्मिक के साथ साथ विकास का परचम लहराकार विश्व में इतिहास रचने का काम कर रही है । चार दिनों में 105 किमी हाईवे का निर्माण , प्रतिदिन 38 किमी की दर से सड़क हाईवे मार्ग का निर्माण ,2014 के बाद 15 नये एम्स का निर्माण ,7 नये आई आई एम का निर्माण ,16 ट्रिपल आई आई टी का निर्माण ,200 से अधिक मेडिकल कॉलेज का निर्माण ,हजारों ओवरब्रिज का निर्माण ,यह दर्शाता है कि विकास के क्षेत्र में वर्ल्ड ग्रिनीज बुक में पहला स्थान लेकर हम कितना संवेदनशील हैं । पीयूष ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में ऐसे भी कई नेता हैं जो मंदिर में तो जाकर हनुमान चालीसा का पाठ पढ़ते हैं किन्तु बाहर निकलने पर टोपी पहनकर धर्म का नकली मुखौटा बनकर वोट की राजनीति करने लगते हैं । भारतीय जनता पार्टी के नेता सभी धर्मों का सम्मान करते हैं और अपनी सभ्यता , संस्कृति और देश में स्थापित धरोहरों की रक्षा भी करते हैं ।
