13 अगस्त को लगने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत को ले सचिव ने पंचायती राज पदाधिकारी सहित अन्य के साथ की बैठक
राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सचिव ने दिए कई निर्देश
सासाराम (रोहतास) बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार पटना के पत्र के आलोक में तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार रोहतास अरुण कुमार श्रीवास्तव के निर्देशानुसार 13 अगस्त 2022 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन को लेकर पंचायती राज पदाधिकारी एवं प्रखंड पंचायत पदाधिकारियों तथा राष्ट्रीयकृत बैंकों के शाखा प्रबंधकों के साथ बैठक की गई। जिसमें व्यवहार न्यायालय में लगने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में सहयोग का आह्वान किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव छेदी राम की अध्यक्षता में उनके प्रकोष्ठ में पंचायती राज पदाधिकारी एवं प्रखंड पंचायत पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। जिसमें प्रखंडों के पंचायत वार वादों की समीक्षा की गई। सचिव महोदय द्वारा यह निर्देश दिया गया कि पंचायतों के सरपंच के पास लंबित वादों में से सुलहनीय वादों की सूची पंचायती राज पदाधिकारी के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकार रोहतास को उपलब्ध कराने हेतु निर्देश दिया गया। तत्पश्चात बैंकों के शाखा प्रबंधकों के साथ एक बैठक की गई। बैठक में शाखा प्रबंधकों को सचिव द्वारा निर्देश दिया गया कि पक्षकारों से संबंधित नोटिस निर्गत करने एवं अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन के लिए प्रयास करें। जिससे कि 13 अगस्त को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों का निष्पादन हो सके। बैठक में पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत पदाधिकारी के साथ भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक, यूको बैंक, इंडियन बैंक, बैंक ऑफ इंडिया सहित कई बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं अन्य बैंक कर्मी शामिल हुए।
