किंजर व्यापार मंडल के अध्यक्ष बने चन्दन शर्मा
करपी से अरविंद कुमार की रिपोर्ट
करपी (अरवल) प्रखंड क्षेत्र के किंजर व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं सदस्य पद के लिए हुए चुनाव में चंदन शर्मा व्यापार मंडल के अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए जबकि सदस्य पद पर छत्रपति सिंह उर्फ प्रधान जी चुने गए। इसके पूर्व निर्धारित समय पर व्यापार मंडल चुनाव कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुआ। अध्यक्ष पद के लिए चंदन शर्मा तथा सुबोध कुमार के बीच सीधा मुकाबला हुआ। काफी संख्या में मतदाता अहले सुबह से ही लाइन में लगे रहे तथा अपनी बारी का इंतजार करते रहे। मतदान की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद मतों की गिनती का कार्य किया गया। मतगणना में चंदन शर्मा को 106 मत प्राप्त हुए जबकि सुबोध कुमार को 72 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार नरगा पंचायत के पैक्स अध्यक्ष चंदन शर्मा पहली बार व्यापार मंडल के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित किए गए। निर्वाचन की घोषणा होते ही समर्थकों ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया। उन्होंने कहा कि मैं व्यापार मंडल के सदस्यों की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करूंगा। जिस उम्मीद के साथ लोगों ने मुझे व्यापार मंडल का अध्यक्ष बनाया है उनकी उम्मीद को मैं टूटने नहीं दूंगा। व्यापार मंडल में सदस्यों के साथ न्याय किया जाएगा ।जीत के अवसर पर खजूरी पंचायत के पैक्स अध्यक्ष प्रिंस कुमार रंजन, किंजर पैक्स अध्यक्ष अनिकेत कुमार उर्फ छोटू, नरगा पंचायत के मुखिया कुंदन शर्मा, पूर्व प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि राधेश्याम शर्मा ने बधाई दिया है।
