डेंगू का प्रकोप: ड्रेस कोड शिथिल करने का एसपी का आदेश
अरवल से आजाद खान की रिपोर्ट
अरवल सूबे में बढ़ते डेंगू के प्रकोप को देखते हुए अरवल जिले में भी हर स्तर पर एहतियात बरतना शुरू कर दिया गया है।पुलिस मुख्यालय के आदेश के बाद पुलिस अधीक्षक हिमांशु शंकर त्रिवेदी ने सभी पुलिसकर्मियों को ड्रेस कोड शिथिल करते हुए फुल ड्रेस पहनने का निर्देश दिया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि डेंगू के बढ़ते प्रकोप की संभावना को देखते हुए इसके रोकथाम के लिए समय पूर्व सतर्कता बरतने की जरूरत है। पिछले दिनों हुई बारिश के फलस्वरूप अत्यधिक समय तक जलजमाव रहने के कारण डेंगू वायरस के वाहक मच्छरों के फैलाव की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। इस कारण पुलिस कर्मियों को स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा हो सकता है। इस कारण सभी थानों में समय पूर्व सतर्कता संबंधी उपाय अपनाने का निर्देश दिया गया है। डेंगू के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर जिले के सभी अन्य जगहों में डेंगू की रोकथाम के लिए पुलिस प्रशासन के द्वारा रोकथाम के लिए जागरूकता चलाया जाएगा इसके लिए सभी थानाध्यक्षों को आवश्यक निर्देश दिये गये हैं। इस निर्देश का अक्षरश: अनुपालन की भी हिदायत दी गई है। एसपी ने आगामी ठंडे के मौसम को देखते हुए शरीर को पूर्णरूपेण ढके जा सकने वाले कपड़े पहन कर ड्यूटी आने की बात कही है। इसके लिए आदेश निर्गत कर दिया गया। डेंगू फैलने के कारण, इसके खतरे एवं प्रभाव तथा रोकथाम के उपायों के संबंध में आम लोगों को अवगत कराने के लिए विशेष सत्र का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक किया जाएगा। डेंगू से बचाव संबंधी आदेश अनुपालन के लिए एसपी ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को भी निर्देश दी हैं।
