फ्रेंच ओपन में पीरियड से परेशान चांग दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी से पराजित ।
पेरिस : चीन की महिला टेनिस खिलाड़ी चिनवेन जांग ने फ्रेंच ओपन में हार के लिए अपने पीरियड को दोष देते हुए कहा कि काश वह मर्द होतीं तो उन्हें इसका सामना नहीं करना पड़ता। चिनवेन जांग को दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी इगा स्वीयातेक के खिलाफ मैच में 5-7(5), 6-0, 6-2 से हार का सामना करना पड़ा। हार के बाद 19 वर्षीय चिनवेन जांग ने कहा कि लड़कियों वाली समस्या के कारण उन्हें दर्द उठा जो उनकी हार का कारण बना।
जांग ने पीरियड के दौरान महिलाओं के संघर्ष के बारे में भी निराशा व्यक्त करते हुए कहा-यह सिर्फ लड़कियों की समस्या है, आप जानते ही हैं। पहला दिन हमेशा इतना कठिन होता है, फिर मुझे खेलना होता है और पहले दिन मुझे हमेशा इतना दर्द होता है। मैं अपने स्वभाव के खिलाफ नहीं जा सकती। काश मैं कोर्ट में एक आदमी हो सकती, मैं सच में चाहती हूं कि मैं आदमी बन जाऊं ताकि मुझे इससे न जूझना पड़े...यह कठिन है।
दुनिया की 74वें पायदान की खिलाड़ी चिनवेन जांग को दूसरे सेट में 3-0 के बाद मेडिकल टाइमआउट लेना पड़ा, जिसके दौरान उन्होंने अपनी पीठ की मालिश करवाई और अपनी दाहिनी जांघ पर पट्टी बांधकर वापस आ गईं। उन्हें इलाज से ज्यादा मदद नहीं मिली और वह लगातार 8 गेम हार गईं।
उन्होंने कहा कि पहले सेट में मैं खेल पर ध्यान दे रही थी और मुझे ज्यादा दर्द भी नहीं था। लेकिन कुछ देर बाद मेरे पेट में बहुत तेज दर्द उठा। मैं उससे लड़ना चाहती थी, मैं सचमुच लड़ना चाहती थी, लेकिन मेरे अंदर और शक्ति नहीं बची थी। मेरी हालत बहुत खराब थी
