सर्वदलीय बैठक में बिहार में जातीय जनगणना कराने का मार्ग साफ ।
सभी धर्मों की जातियों संग उपजातियों की भी होगी गणना ।
गणना के लिए समय सीमा भी तय होगी : सीएम नीतीश ।
पटना : बिहार में जातीय जनगणना कराने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। सीएम नीतीश कुमार के आवास पर बुधवार को हुई सर्वदलीय बैठक में सर्वसमिति से इसपर कई फैसले लिये गए। इन फैसलों को एक ड्राफ्ट का रूप देकर कैबिनेट की बैठक में लाया जाएगा। फैसला हुआ है कि सभी धर्मों की जातियों के साथ ही उपजातियों की भी गणना की जाएगी। बैठक के बाद सीएम ने कहा कि गणना के लिए समय सीमा भी तय होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी ने राय दी है कि जातीय जनगणना कराई जाए। सभी की सर्वसमिति से यह फैसला हुआ है कि जातीय जनगणना हो। किसी ने भी इसे लेकर विरोध नहीं किया है। कैबिनेट के माध्यम से एक समय सीमा के भीतर इसे पूरा कराया जाएगा। समय भी बहुत कम रखा जाएगा। गणना के लिए विशेष ट्रेनिंग भी कराई जाएगी। इसके लिए जितने भी पैसों की जरूरत होगी, उसका भी इंतजाम किया जाएगा।
सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में भाजपा की ओर से उप मुख्यमंत्री तारकेश्वर प्रसाद, राजद की ओर से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और सांसद मनोज झा भी पहुंचे हुए हैं। एआईएमआईएम की तरफ से अख्तरुल ईमान, कांग्रेस विधायक अजीत शर्मा, माले विधायक महबूब आलम बैठक में मौजूद रहे। बैठक में कुल 28 दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे।
