मुंडेश्वरी धाम में मारपीट मामले में 5 लोग गिरफ्तार, दोनों तरफ आए एक दूसरे खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
कैमूर से दिनेश तिवारी की रिपोर्ट
कैमूर जिला के भगवानपुर प्रखण्ड की स्थित माता मुंडेश्वरी दरबार में श्रद्धालुओं और कर्मियों के बीच मारपीट मामले में पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद सभी लोगों को थाने लाया गया और कागजी कार्रवाई के बाद सभी को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जिन 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया उसमें राजू शाह, मनोज केसरी, गोविंद शाह, कृष्णा शाह तथा दिलीप शाह की पत्नी शकुंतला देवी नाम शामिल हैं। मुंडेश्वरी मारपीट मामले में एक दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिसमे धार्मिक न्यास द्वारा पुलिस को आवेदन देकर एक महिला समेत श्रद्धालु पक्ष के कुल 5 लोगों को नामजद तथा करीब एक दर्जन लोगों को अज्ञात आरोपी बनाया गया है। जबकि श्रद्धालु पक्ष द्वारा दिए गए आवेदन में धार्मिक न्यास के कुल 4 कर्मियों को नामजद आरोपी तथा करीब एक दर्जन अज्ञात आरोपी बनाया गया है। इस संबंध में पूछे जाने पर भगवानपुर थानेदार अनिल प्रसाद ने बताया कि मुंडेश्वरी धाम मारपीट मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

